राखी की खरीदारी करने आया मासूम शौर्य जब अचानक हो गया लापता, व्याकुल माता-पिता की पीड़ा देख लेडी कोतवाल ने लगाई टीमें, चंद घंटे में मासूम को ढूंढ निकाला, भावुक माता-पिता ने जताया आभार
कटनी। रक्षाबंधन पर्व की खरीदारी के चलते कटनी शहर के बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच एक परिवार का 3 वर्षीय मासूम अचानक लापता हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर बच्चे को सकुशल खोज निकाला और उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार मैहर जिले के ग्राम झुकेही निवासी सूर्य प्रताप सिंह अपनी पत्नी और 3 वर्षीय पुत्र शौर्य सिंह के साथ रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए कटनी आए थे। बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण खेलते-खेलते मासूम परिजनों से बिछड़ गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजन घबरा गए और पुलिस को सूचना दी। बेटे की तलाश में व्याकुल माता-पिता की परेशानी को देखते हुए तत्काल लेडी कोतवाल राखी पांडे ने सक्रियता दिखाई और बच्चे की तलाश के लिए कई टीमों को सक्रिय किया। थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बच्चे की फोटो पुलिस स्टाफ और थाना ग्रुप में प्रसारित कर बाजार क्षेत्र में सघन तलाश अभियान शुरू कराया। पुलिस टीम ने विभिन्न बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खोजबीन कर कुछ ही घंटों में मासूम शौर्य सिंह को कुशलता पूर्वक ढूंढ लिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने की सूचना उसके पिता को दी गई। कोतवाली थाने में माता पिता के पहुंचने पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मासूम को उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिवार भावुक हो उठा और कोतवाली पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं सक्रियता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, महिला प्रधान आरक्षक रीता सिंह, आरक्षक अमित सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मंडलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह एवं एनआरएस सदस्य निधि चौरसिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा की त्योहारों के दौरान बाजारों में अधिक भीड़ रहती है। ऐसे में छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें, उन पर लगातार नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।