उद्योगपति एवं नीलकंठेश्वर धाम के संचालक मदन लाल ग्रोवर का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर, नागपुर के मैक्स हॉस्पिटल में ली अंतिम सांसें
कटनी। सिविल लाइन क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक एवं उद्योगपति रंजन बाबू ग्रोवर के पिता तथा सलैया पड़खुरी स्थित नीलकंठेश्वर धाम के संचालक मदन लाल ग्रोवर (74) का शनिवार को नागपुर के मैक्स हॉस्पिटल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार नागपुर में जारी था।
जानकारी के अनुसार, मदन लाल ग्रोवर की पार्थिव देह शनिवार रात तक नागपुर से कटनी पहुंचने की संभावना है। रविवार, 20 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे सिविल लाइन स्थित उनके निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद नदी पार स्थित मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।।मदन लाल ग्रोवर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। सलैया पड़खुरी स्थित नीलकंठेश्वर धाम के प्रति उनका विशेष समर्पण रहा और धार्मिक कार्यों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। सरल एवं सहज व्यक्तित्व के धनी ग्रोवर समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के कारण क्षेत्रवासियों के बीच विशेष सम्मान रखते थे।
उनके निधन की खबर से कटनी शहर और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। नागरिकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि मदन लाल ग्रोवर का स्नेह, मार्गदर्शन और धार्मिक-सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी निष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। लोगों ने भगवान भोलेनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। बीमारी के चलते 74 वर्ष की आयु में श्री ग्रोवर के निधन पर राष्ट्र रक्षक न्यूज़ परिवार शोक व्यक्त करता है। उनका निधन निश्चित ही समाज के लिए एक अपूर्णीय क्षति है।