बहला फुसला कर अपने साथ ले गया इंदौर, लूटी नाबालिगा की आबरू, बिलहरी पुलिस ने इंदौर से बालिका को किया बरामद, आरोपी को भेजा जेल

Oplus_16908288

बहला फुसला कर अपने साथ ले गया इंदौर, लूटी नाबालिगा की आबरू, बिलहरी पुलिस ने इंदौर से बालिका को किया बरामद, आरोपी को भेजा जेल

कटनी। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत बिलहरी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को इंदौर से सकुशल दस्तयाब करते हुए अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशानुसार अपहृत बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया तथा थाना प्रभारी कुठला के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बिलहरी उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना कुठला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्ष 8 माह आयु की पुत्री घर से लापता हो गई है। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलहरी चौकी एवं कुठला थाना पुलिस ने परंपरागत और तकनीकी संसाधनों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान नाबालिग बालिका के इंदौर में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल इंदौर रवाना हुई और बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। वैधानिक कार्रवाई के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ गलत काम किया। पुलिस ने आरोपी को 6 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिलहरी उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक राम सिंह, प्रधान आरक्षक भरत विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक संदीप भलावी, आरक्षक लव उपाध्याय सहित अन्य पुलिस कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post