त्योहार को देखते हुए कोतवाली पुलिस अलर्ट मोड में, संदिग्धों की घर पकड़ तेज, चाकू लेकर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ मामला
कटनी। आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से चाकू लेकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार चाकू बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और आदतन अपराधियों की निगरानी एवं चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 15 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
आदर्श कॉलोनी रोड से बटनदार चाकू बरामद
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर ने सूचना दी थी कि गिरजाघाट से नई बस्ती आदर्श कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर एक युवक धारदार चाकू लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर युवक की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान सचिन कुशवाहा (21), निवासी महात्मा गांधी वार्ड, गांधीगंज, कटनी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1052/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया।
सोनी बगीचा क्षेत्र से दूसरा आरोपी पकड़ा
दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सोनी का बगीचा, गायत्री नगर क्षेत्र में एक युवक के चाकू लेकर घूमने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़कर तलाशी ली। उसके कब्जे से धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान परितोष बर्मन (19), निवासी नई बस्ती, मोहन रोचलानी चौराहा के पास, कटनी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1054/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्र.आर. अजय दुबे, कौशल सिंह, आरक्षक पंजाब सिंह, सौरभ तिवारी एवं दीपक चक्रवर्ती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोतवाली पुलिस के अनुसार, आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।