दो अलग-अलग अग्नि दुर्घटनाओं में निगम के अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई, समय रहते पाया आग पर काबू, गुप्ता कॉलोनी में शॉर्ट शर्किट से मकान में लगी थी आग
कटनी। शहर में अग्नि दुर्घटनाओं की सूचना मिलते ही नगर निगम का अग्निशमन दल मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटा रहा। 09 एवं 10 नवंबर को सामने आई आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में निगम के अग्निशमन दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समय रहते आग पर काबू पाया और संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता हासिल की। सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि 10 नवंबर की सुबह 6:24 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरही रोड ओवरब्रिज के नीचे गुप्ता कॉलोनी स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना सार्वजनिक माध्यम से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन जोन से एक फायर ब्रिगेड वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रिज में आग लगना बताया गया।
इसी प्रकार, 09 नवंबर की रात्रि 08 बजे बस स्टैंड के आगे सूर्या होटल के सामले स्थापित विद्युत पोल में आग लगने की सूचना प्राप्त होने पर बस स्टैंड ऑडिटोरियम जोन से एक फायर ब्रिगेड वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर दो फायर सिलेंडरों की सहायता से आग पर नियंत्रण प्राप्त किया। दोनों ही घटनाओं में अग्निशमन दल की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। निगम का अग्निशमन अमला आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए नागरिकों की सुरक्षा के लिए सतत मुस्तैद से कार्य कर रहा है।