गौरीशंकर मंदिर कन्हवारा में उपद्रवी ने की तोड़फोड़, धार्मिक ग्रंथ और चित्रों को भी किया क्षतिग्रस्त, कुठला पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, उपद्रवी को भेजा जेल

कटनी। धार्मिक स्थल में घुसकर तोड़फोड़ कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले आरोपी को चंद घंटो में कुठला पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा अपराधों पर नियंत्रण लगाने हेतु निर्देशित किया गया है। निर्देश के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में कुठला पुलिस ने धार्मिक स्थल कन्हवारा में तोड फोड करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
जानकारी देते हुए कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्र ने बताया कि गौरीशंकर मंदिर कन्हवारा के सेवादार नरेन्द्र तिवारी पिता रामकुंज तिवारी उम्र 59 साल निवासी पौडी पडरिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि 26 अगस्त 2025 की रात्रि ग्राम कन्हवारा स्थित गौरीशंकर मंदिर, परिसर का ताला तोडकर कक्ष में प्रवेश कर एक व्यक्ति ने धार्मिक कार्यो में प्रयुक्त होने वाली धार्मिक सामग्री माइक, एम्पलीफायर, पूज्य गुरुओं के चित्र, पूजापाठ की धार्मिक पुस्तकें, आसन, कंबल आदि बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिए। जिससे ग्रामीणों की धार्मिक भावना स्वाभाविक तौर पर आहत हुई। यह मंदिर ग्रामवासियों की गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र है। रिपोर्ट पर जियालाल कुशवाहा निवासी कन्हावारा के विरूद्ध सुसंगत धाराओ में अपराधिक प्रकरण दर्ज कर तत्काल विधिसम्मत कार्यवाही की गई। घटना की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम द्वारा त्वरित छापेमारी कर आरोपी जियालाल कुशवाहा पिता दुखभंजन कुशवाहा उम्र 34 साल निवासी कन्हवारा थाना कुठला जिला कटनी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया हैं। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। यह कृत्य न केवल आपराधिक है बल्कि सामाजिक और धार्मिक दृष्टिकोण से भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। थाना कुठला पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही की जा रही है, ताकि ऐसे कृत्यों की पुनरावृत्ति न हो। थाना प्रभारी कुठला राजेन्द्र मिश्र नें जन सामन्य से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि की सूचना तत्काल थाना में दें। धार्मिक सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *