नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर एक्शन मोड में निगमायुक्त, कार्य में लापरवाही बरतने पर वार्ड दरोगा को नोटिस, रोज सुबह की सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दें रहीं निगमायुक्त

कटनी। शहर को स्वच्छता के उच्च मानकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी की सफाई व्यवस्था पर निगरानी और तेज कर दी गई है। निगमायुक्त तपस्या परिहार स्वयं प्रतिदिन प्रातःकालीन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परख रही हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं। इसी श्रृंखला में गुरुवार को निगमायुक्त ने मिशन चौक, सागर पुलिया तथा मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित बरगवां मुख्य मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सागर पुलिया के पास दीवारों की समुचित सफाई, खरपतवार की कटाई तथा पेयजल रिसाव की समस्या के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। दीवार संबंधी मुद्दों के समाधान हेतु रेलवे अधिकारियों को अवगत कराने के लिए स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया।

लापरवाही पर नोटिस के निर्देश

मिशन चौक से बरगवां मुख्य मार्ग तक पैदल निरीक्षण के दौरान आईसीआईसीआई बैंक के पास गंदगी पाए जाने पर निगमायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। संबंधित वार्ड दरोगा के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर नियमित सफाई व्यवस्था के बारे में फीडबैक भी लिया। निगमायुक्त ने स्वास्थ्य महकमे को स्वच्छता व्यवस्था और सुदृढ़ करने, तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने की कार्यवाही निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।

दो शिफ्ट में सफाई, नाला-नालियों पर फोकस

निगम प्रशासन द्वारा शहर में प्रतिदिन दो शिफ्ट में सफाई कार्य संचालित किया जा रहा है। सुगम जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए नाला-नालियों की नियमित सफाई के साथ निकले कचरे का नियमानुसार प्रबंधन किया जा रहा है। मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण के तहत डिवाइडरों की सफाई, पौधों की सिंचाई, मार्ग किनारे एवं खाली प्लॉटों में पन्नियों व अपशिष्ट की बिनाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ रखते हुए सार्वजनिक एवं सामुदायिक प्रसाधन केंद्रों का निरीक्षण कर स्वच्छता बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *