बड़वारा के पराईकाँप में हो रहा था अवैध मुरूम उत्खनन, पोकलेन मशीन जब्त

कटनी। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने तहसील बड़वारा के ग्राम पराईकाँप में आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध मुरूम उत्खनन का मामला पकड़ा है। निरीक्षण के दौरान मौके पर मुरूम के अवैध उत्खनन से बना बड़ा गड्ढा मिला। स्थल पर उत्खनन कार्य में प्रयुक्त जेसीबी कंपनी की एक्सकेवेटर (पोकलेन) मशीन खड़ी पाई गई। मौके पर कोई चालक अथवा अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। इस पर खनिज विभाग की टीम ने मशीन को लावारिस अवस्था में जब्त कर लिया।
जब्त मशीन को सुरक्षा की दृष्टि से समीप स्थित रेमंड प्लांट परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। मामले में मध्यप्रदेश गौण खनिज नियमों तथा खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं कमलकांत परस्ते, खनिज निरीक्षक प्रज्ञा सहित खनिज विभाग का अमला उपस्थित रहा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *