बड़वारा में भीषण सड़क हादसा, डंपर-कार की टक्कर में 4 की मौत, एक गंभीर, शादी से लौट कर नरसिंहपुर जा रहे थे कार सवार

कटनी। जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसाडी के पास गुरुवार सुबह करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा डंपर और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का जिला अस्पताल कटनी में इलाज जारी है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
शादी से लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर जिले के सगोरिया निवासी रघुवंशी परिवार के सदस्य बरही थाना क्षेत्र के पिपरिया कला खिरहनी में एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद रात करीब 2 बजे सभी लोग कार से वापस अपने घर लौट रहे थे।
लापरवाही बनी हादसे की वजह
परिजनों के अनुसार, जैसे ही कार बसाडी चौराहे के पास पहुँची, सामने से आ रहे डंपर (MP 50 H 1383) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में अनिल रघुवंशी, राकेश रघुवंशी, अरुण रघुवंशी सहित एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों अभिषेक रघुवंशी और गजेंद्र रघुवंशी को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है की दोनों घायलों में से एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
चालक फरार, तलाश जारी
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है। सड़क पर थोड़ी सी सावधानी कई जिंदगियां बचा सकती है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *