आस्था, संस्कृति और मनोरंजन का संगम बनेगा ऐतिहासिक कटाएघाट मेला, 24 नवंबर से होगा आगाज, भव्य शोभायात्रा, कृष्ण रासलीला, लेजर शो, गंगा आरती और दंगल होंगे प्रमुख आकर्षण

कटनी। शहर के ऐतिहासिक कटाएघाट मेला स्थल पर एक बार फिर आस्था, संस्कृति और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा। श्री बजरंग कटाएघाट मेला 2026 का आयोजन 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक किया जाएगा। आठ दिवसीय इस मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेल प्रतियोगिताएं, विज्ञान प्रदर्शनी और मनोरंजन के विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। मेले का शुभारंभ 24 नवंबर को दोपहर 3 बजे श्री बजरंग बली की भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कटाएघाट मेला स्थल पहुंचेगी, जहां प्रतिमा स्थापना के साथ विधिवत मेले का शुभारंभ किया जाएगा।
मेले के दौरान 25 से 30 नवंबर तक विद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए गायन, नृत्य, फैंसी ड्रेस, निबंध सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही लगभग 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जाएगा। विभिन्न शासकीय विभागों की ओर से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी एवं स्टॉल भी लगाए जाएंगे। धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 27 नवंबर को शाम 6 बजे कृष्ण रासलीला, 28 नवंबर को शाम 6 बजे सुंदरकांड पाठ, 29 नवंबर को शाम 6:30 बजे आकर्षक लेजर शो तथा 30 नवंबर को शाम 5:30 बजे गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा।
वहीं मेले के अंतिम दिन 1 दिसंबर को दोपहर 12 बजे दंगल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के साथ मेले का समापन होगा। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाला कटाएघाट मेला इस बार भी शहरवासियों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत, विद्यार्थियों की प्रतिभा और मनोरंजन से सजा यह आयोजन नगर के उत्सवी माहौल को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *