बरही अग्निकांड के मृतकों को मिशन चौक पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, कांग्रेसजनों ने कैंडल जलाकर छह दिवंगतों को किया याद, अग्निशमन व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही पर उठाए सवाल

कटनी। बरही में हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत से पूरे जिले में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक त्रासदी में जान गंवाने वाले दिवंगतों की स्मृति में मिशन चौक, कटनी में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला के नेतृत्व में कैंडल जलाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों एवं नागरिकों ने नम आंखों से दिवंगतों को याद करते हुए मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति बताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि एक ही परिवार के छह सदस्यों का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना बेहद पीड़ादायक है। दुख की इस घड़ी में पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने अग्निकांड के दौरान अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि आग लगने के बाद राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी हुई थी या नहीं और इसके लिए कौन जिम्मेदार था।
अमित शुक्ला ने कहा कि यदि समय पर पर्याप्त अग्निशमन संसाधन उपलब्ध होते और दमकल की गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंचती, तो संभव है कि कुछ जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। हालांकि, इस संबंध में वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने शासन-प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर जवाबदेही तय करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह हादसा केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। ऐसे हादसों से बचाव के लिए अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करना, आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की नियमित समीक्षा करना आवश्यक है। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, राकेश जैन कक्का, राजा जगवानी, रजनी वर्मा, अरुण मामा कनोजिया, राजेश जाटव, जितेन्द्र गुप्ता, अजय जैसवानी, देवीदीन गुप्ता, मोसुफ अहमद बिट्टू, गुलाम जाफर, अजय कोल, संजय गुप्ता, राजकुमार विश्वकर्मा, श्वेता कटारे, अदिता वर्मा, सलाहुद्दीन खान, अंशु गुप्ता, मो. फरीद, जॉर्ज डेविड, रमेश अहिरवार, अशोक बहलानी, अभय गौतम, जितेंद्र चौबे एवं शरद पाल सिंह सहित अन्य कांग्रेसजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *