शाहनगर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, तीन गंभीर, कटनी जिला अस्पताल किया गया रेफर
कटनी। पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बोरी चौकी क्षेत्र के मलघन के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
दो बाइकों में हुई भीषण टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मलघन के पास हुआ। एक मोटरसाइकिल पर महेवा निवासी हिसाबी पटेल और ठेपा निवासी रामनाथ पटेल सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर मलघन निवासी मोहन बंजारा और मुकेश बंजारा जा रहे थे। इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर एक युवक की मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने हिसाबी पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रामनाथ पटेल, मोहन बंजारा और मुकेश बंजारा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया।
पुलिस जुटी जांच में
हादसे की सूचना मिलते ही शाहनगर थाना पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक युवक की असमय मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।