मोहन नगर के रहवासियों का हल्ला बोल आंदोलन 12 जून को, मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर होगा आंदोलन

कटनी। इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 4 स्थित मोहन नगर क्षेत्र में लंबे समय से गंदे पानी की निकासी, नाली निर्माण एवं मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से परेशान रहवासी अब जनआंदोलन का रास्ता अपनाने जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों द्वारा 12 जून 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 9 बजे से रविदास तिराहा, मोहन नगर में “हल्ला बोल आंदोलन” एवं जन आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा। मोहन नगर के नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में स्वीकृत नाली निर्माण कार्य आज तक प्रारंभ नहीं किया गया है, जिसके कारण घरों एवं सड़कों पर गंदा पानी जमा रहता है। कच्ची सड़क पर कीचड़ और दूषित जलभराव से आमजन, महिलाओं, बुजुर्गों एवं स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के माध्यम से क्षेत्रवासी प्रशासन एवं नगर निगम का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए मांग करेंगे कि गंदे पानी की निकासी की तत्काल व्यवस्था की जाए, स्वीकृत नाली निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए तथा वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करने की अपील की है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *