हाईवा ट्रांसपोर्ट यूनियन ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 7 दिन में समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन वाहन खड़े करने की दी चेतावनी

कटनी। जिले में खनिज परिवहन के दौरान आ रही समस्याओं को लेकर हाईवा ट्रांसपोर्ट यूनियन, कटनी ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। यूनियन ने खनिज विभाग, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली से जुड़ी समस्याओं का निराकरण करने की मांग उठाई है।
यूनियन ने मांग की है कि खनिज विभाग के पोर्टल से ट्रांजिट पास (T.P.) जारी करते समय वाहन की क्षमता दर्ज होने के बाद उसी टीपी के आधार पर ओवरलोडिंग की कार्रवाई को लेकर स्पष्ट नियम बनाए जाएं।
कटनी में रेत खदानें संचालित करने की मांग
यूनियन का कहना है कि कटनी जिले में रेत के ठेके नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को दूसरे जिलों से महंगे दामों पर रेत खरीदनी पड़ रही है। मांग की गई है कि जिले की रेत खदानों का संचालन खनिज निगम के माध्यम से कराया जाए, ताकि लोगों को उचित दर पर रेत उपलब्ध हो और शासन को राजस्व भी मिले।
कार्रवाई में ट्रांजिट पास जारी करने वाली फर्म की भी तय हो जिम्मेदारी
यूनियन ने कहा कि खनिज परिवहन में अनियमितता पाए जाने पर केवल वाहन मालिक या चालक पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। टीपी जारी करने वाली फर्म और खनिज प्राप्त करने वाली फर्म की भूमिका होने पर उनकी जिम्मेदारी भी तय की जाए।
क्यूबिक मीटर और GVW की विसंगति का मुद्दा
आवेदन में रेत परिवहन के दौरान माप की विसंगति का भी मुद्दा उठाया गया है। यूनियन के अनुसार खनिज विभाग के पोर्टल पर टीपी क्यूबिक मीटर में जारी होता है, जबकि परिवहन विभाग में वाहन के भार का निर्धारण GVW के आधार पर किया जाता है। यूनियन ने दोनों व्यवस्थाओं में समन्वय की मांग की है। इसके साथ ही यूनियन ने कथित अवैध वसूली पर रोक, बायपास पर लगे हाईटेक कैमरों की व्यवस्था में सुधार तथा सीमेंट प्लांट और शासकीय निर्माण कार्यों में खनिज परिवहन के लिए उचित भाड़ा निर्धारित करने की मांग भी रखी है।
7 दिन का अल्टीमेटम
हाईवा ट्रांसपोर्ट यूनियन ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 7 दिवस के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो खनिज परिवहन में लगे वाहन अनिश्चितकालीन समय के लिए शांतिपूर्वक खड़े किए जा सकते हैं। यूनियन ने ऐसी स्थिति के लिए शासन-प्रशासन को जिम्मेदार बताया है। इस दौरान यूनियन अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा, सचिव सत्यम नगायच, उपाध्यक्ष पंकज सचदेवा, सह-सचिव जितेन्द्र पाण्डेय, कोषाध्यक्ष चिंतन सिंह सहित अन्य शामिल रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *