श्री हरि गोविंद गौशाला में सघन पौधरोपण एवं गौवंश का टीकाकरण संपन्न, गौसेवकों ने लिया संकल्प

कटनी। आज श्री हरि गोविंद गौशाला में पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा एवं गौवंश के स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से सघन पौधरोपण कार्यक्रम एवं गौवंश का निःशुल्क टीकाकरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
गौशाला का मुख्य उद्देश्य गौमाताओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसी संकल्प के साथ गौशाला परिसर में आम, आँवला, नींबू, मौलश्री सहित अनेक फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इन वृक्षों से भविष्य में गौवंश को पर्याप्त छाया, प्राकृतिक वातावरण, फल एवं औषधीय लाभ प्राप्त होंगे तथा गौशाला परिसर और अधिक हरित एवं समृद्ध बनेगा। कार्यक्रम के दौरान गौवंश के बेहतर स्वास्थ्य एवं रोगों से सुरक्षा के लिए उनका टीकाकरण भी कराया गया।
इस अवसर पर उमरिया से आए वीरेंद्र सिंह अपने परिवार सहित विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने फलदार पौधों का रोपण कर गौशाला के वृक्षारोपण अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। वहीं हरि सिंह भदौरिया भी अपने परिवार सहित उपस्थित रहे और पौधारोपण कर गौसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व श्री हरि गोविंद गौशाला के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी एवं गौसेवक संदीप नगरिया, सचिन डांगरे, आकाश श्रीवास्तव, शिवम सिंह, राजू बंगाली, रामभरोसे, कल्लू दादा, अरुण कोरी, प्रसून तिवारी, अभय गुप्ता, सचिन श्रीवास्तव तथा गौपालक दयाराम चौधरी एवं उनके परिवार सहित अनेक गौसेवकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी गौसेवकों ने संकल्प लिया कि गौशाला परिसर को अधिक से अधिक हरित बनाया जाएगा, ताकि गौमाताओं को वर्षभर प्राकृतिक छाया, स्वच्छ वातावरण एवं भरपूर हरा चारा उपलब्ध हो सके। “गौसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण” के इस संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *