गाटरघाट पुल के पास दीवार की आड़ में छिपा था गांजा तस्कर, 2.620 किलो गांजे के साथ बस स्टैंड पुलिस ने तस्कर को दबोचा, एसपी के निर्देश पर चल रहा विशेष अभियान

कटनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे राज्य स्तरीय 15 दिवसीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो 620 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में 40 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
5 नवंबर को धनतेरस और दीपावली पर्व के मद्देनजर पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही थी। इसी दौरान गाटरघाट पुल के पास एक व्यक्ति दीवार की आड़ में सुनसान स्थान पर बैठा दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आता देख वह थैला लेकर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनील खटीक (40 वर्ष), पिता प्रेमलाल खटीक, निवासी सूफी संतनगर, कैलवारा फाटक, कटनी बताया। उसके पास मौजूद सफेद, पीले और काले रंग के थैले की तलाशी लेने पर खाकी टेप से लिपटा एक पैकेट मिला। पैकेट खोलने पर हरे रंग की पन्नी में गांजा रखा हुआ पाया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गांजे का वजन कराया, जो कुल 2.620 किलोग्राम निकला। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1267/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी बस स्टैंड उपनिरीक्षक दीपू कुशवाहा, सहायक उपनिरीक्षक दीपेन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक नीरज पाण्डेय, मनोज पटेल तथा आरक्षक सतेन्द्र पटेल, उपेन्द्र सिंह, अमित सिंह और विकास राय की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *