ग्राम लिगरी के मार्ग में पकड़ा गया गांजा तस्कर, स्लीमनाबाद पुलिस ने लगभग डेढ़ किलो गांजे के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
कटनी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्लीमनाबाद पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 420 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात गश्त के दौरान हाईवे से ग्राम लिगरी जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति सफेद रंग का थैला लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराकर इधर-उधर होने लगा। संदेह के आधार पर घेराबंदी कर उसे रोककर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम राजेश चौधरी (40 वर्ष), निवासी ग्राम पौनिया, थाना स्लीमनाबाद, जिला कटनी बताया। तलाशी लेने पर उसके थैले से एक पीले रंग के बैग में रखी सफेद पन्नी के भीतर 1 किलो 420 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 466/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार, उप निरीक्षक सौरभ सोनी, प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल, प्रधान आरक्षक लखन पटेल, आरक्षक आशीष पटेल, विशाल शिवहरे एवं रोहित पाटकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








