मंदिरों में चोरी करने वाला गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे, उमरिया और कटनी के 5 मंदिरों को बनाया निशाना

कटनी। कोतवाली पुलिस ने मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों का बड़ा खुलासा करते हुए एक संगठित गिरोह को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने कटनी और उमरिया जिले के 5 मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले सराफा कारोबारी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
ऐसे खुला मामला
9 अप्रैल को हीरागंज स्थित दक्षिण मुखी काली मंदिर के पुजारी मयंक दुबे ने चोरी की सूचना दी थी। सुबह पूजा के बाद लौटने पर मंदिर से चांदी का मुकुट, झुमका और सोने की नथ गायब मिली। घटना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध युवक बाइक से भागते दिखे, जिसके आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 10 अप्रैल को तिलक कॉलेज के पास से मुख्य आरोपी प्रकाश दुबे उर्फ अभिषेक दुबे (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने सौतेले भाई और साथियों के साथ कई मंदिरों में चोरी करना कबूल किया। आरोपी ने पांच मंदिरों में चोरी करने का खुलासा किया जिनमें से उमरिया के ज्वालामुखी माता मंदिर, मानपुर रोहनिया
उमरिया के हनुमान मंदिर, कटनी के दुर्गा मंदिर, ग्राम पड़रिया (थाना एनकेजे),
कटनी के ही दुर्गा मंदिर पिपरौध (थाना माधवनगर), कटनी के काली मंदिर, हीरागंज शामिल है।
सराफा कारोबारी भी गिरफ्तार
आरोपी ने चोरी का माल उमरिया निवासी राहुल उर्फ लालू सोनी (38 वर्ष) को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर सोने की नथ बरामद की। इस मामले में पुलिस ने कृष्ण कुमार दुबे,
एक विधि उल्लंघनकारी बालक 15 वर्ष को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। अन्य मामलों की जानकारी संबंधित थानों को भेज दी गई है।
पहले से दर्ज हैं 7 केस
मुख्य आरोपी प्रकाश दुबे के खिलाफ पहले से ही मंदिर चोरी के 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया व नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में की गई। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय सहित पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कटनी पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ा अंकुश लगा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *