मधुर कोरियर एवं होटल संचालक पर गोली चलाने वाले चार आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, कट्टा और दो बाइक जब्त, कमरा देने से इनकार करने पर चलाई थी गोली

कटनी। शहर के इंद्रानगर स्थित शाल्या होटल में कमरा बुक कराने को लेकर हुए विवाद में होटल संचालक पर जानलेवा हमला करने के मामले में कुठला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील यादव के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा और फरार होने में प्रयुक्त पल्सर व अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कमरा देने से मना किया तो निकाल लिया कट्टा
पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश वार्ड नई बस्ती निवासी प्रेमशंकर राय (56) ने 21 अक्टूबर 2026 को कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह इंद्रानगर स्थित शाल्या होटल के कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे सुनील यादव अपने तीन साथियों के साथ होटल में कमरा बुक कराने पहुंचा। कमरा देने से इनकार करने पर सुनील ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से कट्टे से गोली चला दी। प्रेमशंकर राय के झुक जाने के कारण गोली उनके बगल से निकल गई। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ झूमाझटकी और मारपीट की तथा मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस की टीमें अमानगंज, जिला पन्ना सहित अन्य संभावित स्थानों पर भेजी गईं। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में सुनील यादव (32), निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली, जिला पन्ना, हाल निवासी इंद्रानगर गली नंबर-9, कटनी, पवन यादव (18), निवासी ग्राम गनियारी, थाना सेमरिया, जिला पन्ना, जयपाल उर्फ मुन्ना यादव (25), निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली, जिला पन्ना; और ब्रजेश यादव (24), निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली, जिला पन्ना शामिल हैं।
कट्टा और दो मोटरसाइकिलें जब्त
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील यादव से वारदात में प्रयुक्त कट्टा जब्त किया। इसके अलावा घटना के बाद भागने में इस्तेमाल की गई पल्सर और अपाचे मोटरसाइकिल भी विधिवत जब्त की गईं। मामले में अपराध क्रमांक 930/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(2), 331(6), 296(b) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, उप निरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उप निरीक्षक श्याम सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आलोक तिवारी, ताहिर खान तथा आरक्षक पुष्पेंद्र त्रिपाठी, विजय प्रजापति, विजय राणा, बुद्धू कुमार, मनोज सिंह, शिशिर पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कुठला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से होटल संचालक पर फायरिंग के मामले में आरोपियों को जल्द पकड़ने में सफलता मिली।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *