ढीमरखेड़ा कछारगॉय (बड़ा) में बढ़ई राकेश के घर में वन विभाग की रेड, अवैध सागौन चिरान और बढ़ईगिरी के औजार जब्त, जंगल से सागौन काट कर करता था व्यापार?
कटनी। वन परिक्षेत्र ढीमरखेड़ा की टीम ने अवैध सागौन लकड़ी के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कछारगांव (बड़ा) में एक बढ़ईगिरी फर्नीचर संचालन स्थल पर छापा मारकर राष्ट्रीयकृत वनोपज सागौन चिरान और बढ़ईगिरी में उपयोग होने वाले औजार जब्त किए हैं। वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार एवं उपवनमंडलाधिकारी कटनी पश्चिम कार्तिकेय भट्ट के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी ढीमरखेड़ा सचिन नामदेव के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। उपवनमंडलाधिकारी द्वारा जारी सर्च वारंट क्रमांक 4/13 दिनांक 17 अगस्त 2026 के आधार पर ग्राम कछारगॉय (बड़ा) निवासी राकेश पिता राममिलन बढ़ई के घर की विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान घर में अवैध रूप से बढ़ईगिरी फर्नीचर का संचालन पाया गया। मौके से 41 नग सागौन चिरान, कुल 0.232 घनमीटर राष्ट्रीयकृत वनोपज बरामद की गई, जिसके संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वन विभाग ने बढ़ईगिरी में उपयोग होने वाले औजार भी जब्त कर सूचीबद्ध किए। वन विभाग ने जप्ती पत्रक तैयार कर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 191/14 दिनांक 17 अगस्त 2026 दर्ज किया है। विभाग के अनुसार आरोपी द्वारा विभागीय राजीनामा भी प्रस्तुत किया गया है। इस कार्रवाई में उपवनक्षेत्रपाल मोहम्मद खालिक (रामपुर), वनरक्षक राजेश गुप्ता, राजेश शर्मा, रामकृष्ण दुबे, उमा चौधरी, अंकित गौतम, दिनेश दहायत, रामफल पटेल तथा सुजाता गौड़ सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।