सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में नगर निगम कटनी का उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रदेश की नगर निगमों में हासिल किया छठवां स्थान, निगमायुक्त की मॉनिटरिंग एवं अधिकारियों, कर्मचारियों की मेहनत, जवाबदेही और टीमवर्क से मिली उपलब्धि
कटनी। नागरिकों की शिकायतों के समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण को लेकर नगर निगम प्रशासन द्वारा अपनाई गई प्रभावी कार्यप्रणाली के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण संबंधी प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग में नगर निगम कटनी ने प्रथम समूह की नगर निगमों में 91.38 वेटेज स्कोर के साथ छठवां स्थान प्राप्त कर ए ग्रेड हासिल किया है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की निर्धारित समय-सीमा में नियमित समीक्षा, विभागवार प्रगति का आकलन तथा शिकायतों के निराकरण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए लगातार दिए जा रहे मार्गदर्शन एवं निर्देशों का इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शिकायतों के निराकरण की सतत मॉनिटरिंग, अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा नागरिकों की संतुष्टि को प्राथमिकता देने के परिणामस्वरूप निगम के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2026 में सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से नगर निगम कटनी को कुल 843 शिकायतें प्राप्त हुईं। निगम प्रशासन द्वारा इन शिकायतों के निराकरण में त्वरित कार्यवाही, संबंधित विभागों के बीच समन्वय एवं शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए। इसके परिणामस्वरूप 53.1 प्रतिशत वेटेज स्कोर के साथ संतुष्टिपूर्ण निराकरण दर्ज किया गया।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने इस उपलब्धि का श्रेय निगम के समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लगन, मेहनत, जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली और सामूहिक प्रयासों को देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायतों के निराकरण का माध्यम नहीं, बल्कि नागरिकों के विश्वास एवं प्रशासन की जवाबदेही का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इसी प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता एवं कार्यशीलता के साथ आगे भी लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को राहत मिले और नगर निगम की सेवाओं के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।