आदेश होने के दो साल बाद भी नहीं खुल सका कैमोर में ईएसआईसी अस्पताल, कैमोर सीमेन्ट एवं खदान कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, अस्पताल जल्द खुलवाने रखी मांग

Oplus_131072

कटनी। कैमोर में ईएसआईसी अस्पताल खोलने की मांग करते हुए कैमोर सीमेन्ट एवं खदान कर्मचारी संघ, कैमोर ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम विजयराघवगढ़ को सौंपा।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे संघ पदाधिकारियों ने कहा की संघ के लगातार प्रयासों के पश्चात 21 फरवरी 2023 को अधिसूचना के माध्यम से कैमोर, जिला कटनी में ईएसआईसी अस्पताल खोले जाने का आदेश हुआ था। तत्पश्चात संघ ने लगातार कई बार क्षेत्रीय निदेशक, राज्य कर्मचारी बीमा निगम से शीघ्र अस्पताल खोले जाने हेतु आग्रह किया, किंतु विभाग द्वारा सक्रियता न दिखाने पर संघ ने 7 फरवरी 2024 को श्रम मंत्री मध्य प्रदेश शासन से मिलकर शीघ्र ईएसआईसी अस्पताल खोले जाने की कार्यवाही में संबंधित विभाग को निर्देशित करने हेतु लिखित निवेदन किया। जिससे 13 फरवरी को कर्मचारी राज्य बीमा निगम कार्यालय इंदौर के द्वारा कलेक्टर कटनी को कैमोर क्षेत्र में औषधालय खोलने हेतु भूमि भवन उपलब्ध कराए जाने बाबत पत्र जारी किया गया। किंतु आज तक कैमोर में ईएसआईसी अस्पताल की सुविधा प्रदान नहीं की गई है।उक्त संदर्भ के निराकरण हेतु संघ द्वारा लगातार 21 फरवरी 2023 के ईएसआईसी अस्पताल खोलने हेतु आदेश के पालनार्थ राज्य कर्मचारी बीमा निगम इंदौर कार्यालय में पत्राचार के माध्यम से निवेदन किया जाता रहा है। शासन के अस्पताल खोलने के आदेश को लगभग 2 वर्ष से ज्यादा का समय बीत चुका है, किंतु संबंधित विभाग एवं स्थानीय प्रशासन के लापरवाही पूर्ण रवैया से क्षेत्र के श्रमिक लाभ से वंचित है, जबकि श्रमिकों के वेतन से ईएसआईसी का शुल्क लगातार काटकर शासन के मद में जमा किया जा रहा है। परंतु श्रमिकों को ईएसआईसी की सुविधा का लाभ सुचारू रूप से नहीं मिल पा रहा है।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे कैमोर सीमेंट एवं खदान कर्मचारी संघ कैमोर के अध्यक्ष गणेश राव, कार्यकारी अध्यक्ष संजय सिंह, महामंत्री मुकेश गौतम एवं उनके साथियों ने कहा की श्रमिक हित में उक्त विषय पर शीघ्र प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देश जारी कर कैमोर में ईएसआईसी अस्पताल की सुविधा प्रदान कराई जाए, जिससे श्रमिकों को लाभ मिल सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *