कलेक्टर के प्रयास से कर्नाटक में फंसे 8 श्रमिकों की हो रही सुरक्षित वापसी, कल सुबह तक कटनी पहुंचने की संभावना

कटनी। कर्नाटक के बेलगाम जिले में फंसे ग्राम सिघनपुरी के 8 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी के प्रयास रंग लाए, जिसकी बदौलत श्रमिकों की सकुशल घर वापसी होने जा रही है।
ग्राम सिघनपुरी तक यह खबर पहुंचने के बाद श्रमिकों के परिजनों में खुशी का माहौल है और वे अपनें परिजनों से मिलनें व्यग्र और आतुर हैं। जिला श्रम पदाधिकारी के बी मिश्रा ने बताया कि सभी 8 श्रमिक शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे भुसावल पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 6.50 बजे पवन एक्सप्रेस से कटनी आयेंगे। अगर ट्रेन सही समय पर रही तो सभी श्रमिक शनिवार प्रात: करीब 4-5 बजे के बीच कटनी पहुंचेंगे। बताते चलें गुरूवार 11 दिसम्बर को ग्राम सिघनपुरी निवासी किशोर कोल ने कलेक्टर श्री तिवारी को आवेदन देते हुये बताया कि उसके परिजनों को एक ठेकेदार गन्ना कटाई के लिए महाराष्ट्र ले गया था, लेकिन वे वर्तमान में कर्नाटक के बेलगाम जिले के नित्तूर गाँव में फंसे हुए हैं।
किशोर ने यह भी बताया कि संबंधित ठेकेदार श्रमिकों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा है और उन्हें उनकी मजदूरी की राशि भी नहीं दी जा रही है, जिसके कारण सभी श्रमिक वापस अपने गाँव लौटना चाहते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए, कलेक्टर श्री तिवारी ने तत्काल बेलगाम जिला प्रशासन से संपर्क किया और सभी 8 श्रमिकों को सुरक्षित उनके गृह ग्राम भेजने का अनुरोध किया। जिस पर बेलगाम जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गुरुवार देर रात ही सभी 8 श्रमिकों को ट्रेन के माध्यम से वापस कटनी के लिए रवाना कर दिया। जिला श्रम पदाधिकारी श्री मिश्रा ने बताया कि सभी श्रमिकों के कटनी वापस आने के बाद, उनके विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे और ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *