पुरानी रंजिश के कारण सिटी मॉल के सामने हुई थी चाकूबाजी, कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को चंद घंटों में किया गिरफ्तार

कटनी। शहर के सिटी मॉल के सामने पुरानी रंजिश को लेकर हुई चाकूबाजी की घटना का कोतवाली पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई की रात करीब 8:45 बजे बरही रोड स्थित सिटी मॉल के सामने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। घायल दीपक टीपा ने बताया कि वह अपने भाई कुलदीप टीपा और दोस्तों के साथ सड़क पार कर रहा था, तभी हेमंत उर्फ टुंईया निषाद और सागर निषाद वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सागर ने दीपक को पकड़ लिया, जबकि हेमंत ने मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे कुलदीप टीपा पर हेमंत ने चाकू से पेट पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। फरियादी की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 772/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेमंत उर्फ टुंईया निषाद (21) और सागर निषाद (29), दोनों निवासी आधारकाप, थाना कोतवाली, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू एवं सुजुकी बर्गमैन स्कूटी (क्रमांक MP-21-ZE-3406) बरामद की गई। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। हेमंत निषाद के खिलाफ पहले से 5 और सागर निषाद के खिलाफ 10 आपराधिक प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *