सीवर लाइन विस्तार के चलते झर्रा टिकुरिया की बदहाल सड़क पर निगम ने तेज किया मोटरेबल कार्य, आवागमन सुचारू बनाने कराया जा रहा सुधार
कटनी। झर्रा टिकुरिया से साउथ स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर सीवर लाइन विस्तार का कार्य प्रगतिरत है। इसी दौरान विगत दो-तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण मार्ग पर कीचड़ एवं गड्ढे उत्पन्न होने से नागरिकों को आवागमन में होने वाली असुविधा को देखते हुए नगर पालिक निगम द्वारा स्थल पर लगातार मोटरेबल कार्य कराया जा रहा है।
कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा ने बताया कि निगम के मैदानी अमले द्वारा मार्ग की स्थिति का निरंतर जायजा लेते हुए आवश्यकतानुसार सुधार एवं समतलीकरण का कार्य कराया जा रहा है, ताकि मार्ग को आवागमन योग्य बनाए रखा जा सके। बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बावजूद नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कार्य को निरंतर गति दी जा रही है। निगम प्रशासन द्वारा सीवर लाइन विस्तार कार्य के साथ-साथ प्रभावित झिंझरी एवं नगर के अन्य मार्ग पर आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों एवं मार्ग से गुजरने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।