अंजान लोगों से शेयर न करें जानकारी, पुलिस का सेफ क्लिक 2.0 अभियान, एनकेजे पुलिस ने लोगों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक
कटनी। डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से आमजन को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदेशभर में ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कटनी जिले में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एनकेजे पुलिस द्वारा खिरहनी दुर्गा चौक स्थित दुर्गा मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यालय एसडीओपी रत्नेश मिश्रा, थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी ऑफर, लॉटरी, निवेश योजनाओं और डिजिटल अरेस्ट जैसे झांसे से सतर्क रहने की भी अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।
एनकेजे पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।








