विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय-सीमा में पूर्ण करें निर्माण कार्य, रचना नगर और अहमद नगर पहुंचीं निगमायुक्त सुश्री परिहार, अधिकारियों को दी हिदायत

कटनी। शहर के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शुक्रवार सुबह राम मनोहर लोहिया वार्ड के रचना नगर एवं अहमद नगर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों। निरीक्षण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य उमेंद्र अहिरवार, सहायक यंत्री सुनील सिंह एवं उपयंत्री पवन श्रीवास्तव मौजूद रहे।
53 लाख रुपये के नाला-नाली निर्माण पर निगरानी
रचना नगर में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए गली नंबर -1 से गली नंबर-4 के चौक तक लगभग 35 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण तथा काली माता मंदिर के समीप 18 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण में पानी के बहाव और उचित ढाल का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि वर्षा जल एवं अपशिष्ट पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि निर्धारित मानकों के अनुरूप टिकाऊ और उपयोगी हों।
अहमद नगर शीध्र प्रारंभ होगा आंगनबाड़ी भवन का निर्माण
अहमद नगर में बच्चों एवं क्षेत्रीय नागरिकों की सुविधा के लिए प्रस्तावित आंगनबाड़ी भवन के निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन निर्माण में मजबूती एवं सुरक्षा के मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ वर्षा जल संरक्षण के लिए वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया। क्षेत्र में स्वीकृत अन्य विकास कार्यों को भी बिना अनावश्यक विलंब के प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
अवैध निर्माण पर कार्यवाही के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान अहमद नगर के प्रवेश मार्ग पर बिना सक्षम अनुमति एवं स्वीकृत नक्शे के दो दुकानों का अवैध निर्माण पाए जाने पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित क्षेत्रीय उपयंत्री को नोटिस जारी करने तथा सहायक यंत्री को संबंधित निर्माणकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वार्ड में ही मिलेगी, विकास शुल्क जमा करने की सुविधा
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने रचना नगर एवं अहमद नगर के विभिन्न मार्गों का जायजा लेते हुए नागरिकों के सुगम आवागमन और स्थानीय सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने विकास शुल्क जमा करने के लिए वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही सुविधा मिल सके और निगम कार्यालय तक बार-बार जाने की आवश्यकता कम हो। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्री उमेंद्र अहिरवार ने वार्ड की समस्याओं एवं विकास कार्यों से संबंधित विषयों पर चर्चा की। निगमायुक्त के निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वीकृत विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना रहा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *