सरसवाही कन्या छात्रावास पहुंची जिला पंचायत सीईओ, देखीं व्यवस्थाएं, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने दी हिदायत
कटनी। आवासीय परिसर , किचन रूम, भंडार गृह, आवासीय कक्ष, बिस्तर, स्नान गृहों एवं प्रसाधन गृह में पर्याप्त स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण ताजा गरम और रुचिकर नाश्ता व भोजन तथा शुद्ध पेयजल निर्धारित समय पर बालिकाओं को उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें। इस आशय के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सरसवाही का निरीक्षण करते हुए प्राचार्य एवं छात्रावास अधीक्षक को दिए। बारिश के मौसम में खानपान में बरती गई थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। श्रीमती कौर ने कहा कि तमाम मूलभूत बुनियादी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक चौबंद और दुरुस्त रखी जाएं। इस दौरान एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी एवं आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक विमल चौरसिया मौजूद रहे। श्रीमती कौर ने इस दौरान अस्वस्थ छात्राओं के स्वास्थ्य के सुधार के संबंध में जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्रभावित छात्राओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। आवासीय परिसर का अवलोकन करते हुए उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और मूलभूत आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी क्षम्य नहीं होगी।
अधिकारियों और छात्र-छात्राओं से ली जानकारी
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कौर ने गत दिवस अचानक छात्राओं की तबीयत खराब हो जाने के संबंध में अधिकारियों एवं उपस्थित छात्राओं से संवाद कर जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से अलग-अलग और समूह में चर्चा करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में संतुलित आहार, खान-पान, शुद्ध पेयजल और साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें। निरीक्षण के दौरान माता शबरी आवासीय कन्या परिसर सरसवाही के प्राचार्य, अधीक्षिका एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








