सांदीपनि विद्यालय रीठी का जिला पंचायत सीईओ ने किया आकस्मिक निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया संवाद, शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया प्रेरित

कटनी। जिला पंचायत सीईओ एवं आईएएस अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने सांदीपनि विद्यालय, रीठी का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक प्रगति एवं भविष्य की आकांक्षाओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के महत्व से अवगत कराते हुए जीवन में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। सुश्री कौर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए एकाग्रता एवं लगन के साथ अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक परिणामों के लिए सतत प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को दिया गया मार्गदर्शन शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में प्रेरणादायी रहा। जिला पंचायत सीईओ ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालयीन शिक्षा को प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण शैक्षणिक व्यवस्थाओं के आकलन के साथ विद्यार्थियों में सीखने की ललक, लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता और बेहतर प्रदर्शन की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान अभय कुमार जैन एवं अन्य मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *