जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने सेवानिवृत्त लोकसेवकों का किया सम्मान, सेवाकाल के अनुभव सुने

जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने सेवानिवृत्त लोकसेवकों का किया सम्मान, सेवाकाल के अनुभव सुने

कटनी। जिला पंचायत कटनी में 31 जुलाई 2026 को अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान में एक आत्मीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने सेवानिवृत्त लोकसेवकों से संवाद करते हुए उनके सेवाकाल के अनुभव सुने और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि सभी कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में विभाग को बेहतर सेवाएं प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि भले ही वे शासकीय सेवा से मुक्त हो गए हों, लेकिन उनके अनुभव समाज और विभाग के लिए आगे भी उपयोगी रहेंगे। उन्होंने सभी से सामाजिक जीवन में सक्रिय रहकर अपने अनुभवों का लाभ नई पीढ़ी और विभागीय कर्मचारियों को देने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान सीईओ ने एक-एक कर सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से उनके सेवाकाल के खट्टे-मीठे अनुभव, पारिवारिक पृष्ठभूमि और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर जिला पंचायत उनकी हरसंभव सहायता के लिए तत्पर रहेगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सीईओ ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए लोक सेवकों में पंचायत समन्वय अधिकारी यशोदा परस्ते (जनपद पंचायत विजयराघवगढ़, ग्राम पंचायत सचिव प्रेमलाल यादव जनपद पंचायत कटनी, ग्राम पंचायत सचिव गोकरण मिश्रा जनपद पंचायत रीठी, सहायक लेखा अधिकारी केशव प्रसाद परोहा जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा, सहायक ग्रेड-3 उत्तमचंद राय सहित अन्य कर्मचारी सेवा निवृत हुए। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जिला पंचायत सीईओ द्वारा प्रत्येक माह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों से आत्मीय भेंट कर सम्मानित करने की परंपरा की सराहना करते हुए इसे कर्मचारी हितैषी और प्रेरणादायी पहल बताया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post