जिला अस्पताल के शवगृह को मिली नई सुविधा, विधायक ने उपलब्ध कराया डेड बॉडी फ्रीजर

जिला अस्पताल के शवगृह को मिली नई सुविधा, विधायक ने उपलब्ध कराया डेड बॉडी फ्रीजर

कटनी। जिले के जिला चिकित्सालय में अब शवों को सुरक्षित रखने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो गई है। मुड़वारा विधायक संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल ने पोस्टमार्टम (शवगृह) के लिए चार कैबिनेट युक्त डेड बॉडी फ्रीजर उपलब्ध कराया है, जिससे शवों की गरिमा बनाए रखने में मदद मिलेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजसिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 अप्रैल 2026 को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम गृह में यह सुविधा स्थापित की गई। उन्होंने कहा कि कई बार कानूनी प्रक्रियाओं या अन्य कारणों से अंतिम संस्कार में देरी हो जाती है, जिससे शवों को सुरक्षित रखना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में यह फ्रीजर जनमानस की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा। यह डेड बॉडी फ्रीजर चार कैबिनेट एवं स्टेनलेस स्टील से युक्त है, जिसकी कुल लागत लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये है। इसे विधायक निधि से उपलब्ध कराया गया है। विधायक जायसवाल इससे पहले भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई पहल कर चुके हैं। उन्होंने टीबी मरीजों की जांच के लिए हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन (12.40 लाख रुपये) उपलब्ध कराई थी। साथ ही 180 टीबी मरीजों को ‘निश्चय मित्र’ बनकर हर माह 6 महीने तक पोषण किट (फूड बास्केट) वितरित कर रहे हैं। इस सराहनीय पहल के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजसिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विधायक संदीप जायसवाल का आभार व्यक्त किया है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराने निगम प्रशासन के प्रयास निरंतर जारी, बारिश की हल्की फुहार के बीच भी दूसरी पाली में सक्रिय रहे स्वच्छता मित्र, मुख्य मार्गों, बाजारों एवं बस्तियों में चला विशेष सफाई अभियान