महापौर जनसुनवाई में आमजन की सीधी सुनवाई, महापौर ने जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु विभागीय समन्वय और त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से आयोजित साप्ताहिक महापौर जनसुनवाई मेयर इन काउंसिल सभागार में संपन्न हुई। जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और पेयजल, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, नाली निर्माण, बंद स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण तथा राजस्व संबंधी समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान कई आवेदनों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए, वहीं शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित विभागों को समयसीमा निर्धारित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों से अपने स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए नागरिक समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही मंच पर उपस्थित रहे, जिससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। इस व्यवस्था से आमजन को त्वरित सुनवाई एवं सरल समाधान का लाभ मिला।








