ढीमरखेड़ा पुलिस ने हत्या के तीन आरोपियों को 48 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार, भेजा जेल, मारपीट का शिकार हुए युवक की हो गई थी अस्पताल में मौत
कटनी। ढीमरखेड़ा पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले के एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को ग्राम खम्हरिया निवासी सुखबरा बाई की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान घायल प्रहलाद कोल की 29 जुलाई को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं का इजाफा कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने विदेशी उर्फ परदेशी कोल, रामरतन कोल और कुलसिया बाई कोल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी, उप निरीक्षक जयपाल सिंह, विजेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, आरक्षक पंकज सिंह, देवेंद्र अहिरवार, अजय धुर्वे एवं गंधर्व सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








