वंशरूप वार्ड में विकास को मिली नई रफ्तार, खेरमाई मंदिर परिसर में बाउंड्रीवॉल व शेड निर्माण का हुआ भूमिपूजन

कटनी। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के क्रम में बुधवार को वंशरूप वार्ड अंतर्गत खेरमाई मंदिर, चंदी की दफाई क्षेत्र में बाउंड्रीवॉल एवं शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर महापौर प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक एवं क्षेत्रीय पार्षद सुमित्रा रावत की उपस्थिति में वार्ड की महिला श्रीमती ममता द्विवेदी से विधिवत पूजा-अर्चना कराकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शशिकांत तिवारी, ओमप्रकाश बल्ली सोनी, विनोद लाला यादव भुट्टू, सरला संतोष मिश्रा, सुशीला मिश्रीलाल, समाजसेवी संजय तिवारी, राजू शर्मा सहित अन्य जनों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। मंदिर परिसर में बाउंड्रीवॉल और शेड निर्माण होने से क्षेत्र अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगा, जिससे श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि नगर के धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों के विकास को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के कार्य आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना ही नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना भी है। इसी दिशा में सड़कों, नालियों, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद सुमित्रा रावत ने कहा कि वंशरूप वार्ड में लंबे समय से मंदिर परिसर की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की मांग की जा रही थी। बाउंड्रीवॉल एवं शेड निर्माण कार्य प्रारंभ होने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और मंदिर परिसर अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि वार्ड के विकास के लिए आगे भी इसी प्रकार कार्य किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने इस विकास कार्य के लिए महापौर एवं क्षेत्रीय पार्षद का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उर्मिला पटेल, सुधा द्विवेदी, सुशीला पटेल, कीर्ति केवट, संगीता पटेल, सुभद्रा पटेल, मनीषा पटेल, रानी पटेल सहित बड़ी संख्या में मातृशक्तियों की उपस्थिति रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *