प्रतिबंध के बावजूद अवैध बोरिंग करने वालों पर निवार पुलिस ने की कार्रवाई, ट्रक सहित मशीन की जब्त
कटनी। जिले में गिरते भूजल स्तर को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में चौकी निवार, थाना माधवनगर पुलिस ने प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से नलकूप (बोरिंग) खनन कर रहे आरोपियों पर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे व चौकी प्रभारी निवार अंजनी मिश्रा की टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक 24 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पहाड़ी निवार में बिना अनुमति के बोर मशीन द्वारा नलकूप खनन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक अशोक लीलैंड कंपनी का नीले रंग का ट्रक (क्रमांक TS 12 EE 2289) बोरिंग मशीन के साथ खनन करते पाया गया। जांच में सामने आया कि ग्राम पहाड़ी निवार निवासी ललित चौबे द्वारा अपने मकान के पीछे अवैध रूप से बोरिंग कराई जा रही थी। इसके लिए मंडला जिले के पिंडरई निवासी चालक हरिप्रसाद मालगाम (30 वर्ष) को मशीन सहित बुलाया गया था। जिला कलेक्टर द्वारा जारी आदेश (दिनांक 25 मार्च 2026) के तहत पूरे कटनी जिले में भूजल संरक्षण के लिए बोरिंग पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करते हुए खनन किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से बोरिंग मशीन सहित ट्रक जब्त किया। चालक से अनुमति पत्र मांगा, जो प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ललित चौबे एवं हरिप्रसाद मालगाम के खिलाफ धारा 223, 3(5) बीएनएस एवं म.प्र. पेयजल परीक्षण अधिनियम 1986 की धारा 9 के तहत मामला दर्ज किया गया। साथ ही आरोपियों को बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत नोटिस देकर मामले को विवेचना में लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, आरक्षक अरविंद एवं वकील यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निवार चौकी प्रभारी ने स्पष्ट किया की गिरते भूजल स्तर को देखते हुए अवैध बोरिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








