मुड़वारा स्टेशन में आरपीएफ पोस्ट खोलने की मांग तेज, क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति सदस्य केशव ने रेलवे अधिकारियों को लिखा पत्र

कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन में यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आरपीएफ पोस्ट खोले जाने की मांग उठी है। क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य केशव कमल मोहनानी ने इस संबंध में पश्चिम मध्य रेलवे के आईजी जबलपुर को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का निवेदन किया है।
उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के वरिष्ठ सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को ईमेल के माध्यम से भेजी है। इसके अलावा जीएम, डीआरएम एवं उप महाप्रबंधक को भी पत्र प्रेषित किया गया है। पत्र में बताया गया है कि मुड़वारा स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 15 से 20 हजार यात्री यात्रा प्रारंभ करते हैं। स्टेशन लगातार एक महत्वपूर्ण रेल केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है, लेकिन वर्तमान में यहां आरपीएफ पोस्ट नहीं होने से यात्री स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। साथ ही उपलब्ध सुरक्षा बल की संख्या भी पर्याप्त नहीं बताई गई है।
केशव कमल मोहनानी ने मांग की है कि यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे संपत्ति की रक्षा के लिए जल्द से जल्द आरपीएफ पोस्ट स्थापित की जाए। उन्होंने स्टेशन परिसर एवं सभी पांचों प्लेटफॉर्म पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की भी मांग की है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। इसके अतिरिक्त आरपीएफ हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक किए जाने का सुझाव भी दिया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति या समस्या की स्थिति में यात्री तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें और मौके पर ही समस्या का समाधान हो सके। रेल यात्रियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से यात्रियों में विश्वास बढ़ेगा और स्टेशन परिसर में अपराध एवं अव्यवस्था पर भी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *