पूर्व विधायकों को प्रोटोकॉल में शामिल करने की उठी मांग, एक्स एमएलए फोरम की कटनी चैप्टर बैठक में कई प्रस्ताव पारित
कटनी। पूर्व विधायकों के हितों और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर कार्यरत एक्स एमएलए फोरम की जिला कटनी चैप्टर की बैठक 21 जून को माधवनगर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व विधायकों की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने और उन्हें शासन-प्रशासन से बेहतर समन्वय प्रदान करने संबंधी कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि प्रदेश के प्रोटोकॉल में पूर्व विधायकों को शामिल किया जाए। साथ ही जिला स्तर पर शासन और प्रशासन द्वारा पूर्व विधायकों से नियमित सौजन्य भेंट की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि जनहित से जुड़े ऐसे विषय, जो अन्य माध्यमों से सामने नहीं आ पाते, पूर्व विधायकों के माध्यम से शासन तक पहुंच सकें और उनका त्वरित निराकरण हो सके। बैठक में यह भी कहा गया कि प्रदेश में पूर्व विधायकों के रूप में एक बड़ी अनुभवी और ऊर्जावान शक्ति सक्रिय है, इसलिए मुख्यमंत्री द्वारा उनके साथ सतत संपर्क और संवाद की पहल की जानी चाहिए। अधिकांश पूर्व विधायक वरिष्ठ नागरिक की श्रेणी में आते हैं, इसलिए शासन को उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके लिए उचित कार्य प्रणाली विकसित करनी चाहिए।
बैठक में क्षेत्रहित से जुड़े अन्य तात्कालिक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पूर्व विधायक सुकृति जैन, पूर्व विधायक सरोज नायक एवं पूर्व विधायक गिरिराज किशोर ‘राजू’ पोद्दार उपस्थित रहे। अन्य पूर्व विधायक कटनी से बाहर होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके, हालांकि उन्होंने दूरभाष के माध्यम से बैठक में लिए गए निर्णयों पर अपनी सहमति प्रदान की। बैठक में उपस्थित पूर्व विधायकों का स्वागत भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अर्पित पोद्दार एवं पूर्व पार्षद बच्चू निषाद द्वारा किया गया। बैठक के अंत में लमतरा ओवरब्रिज बस हादसे में मृत नागरिकों तथा कटनी जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के दिवंगत पूर्व विधायकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर सभा का समापन किया गया। बैठक की जानकारी पूर्व विधायक एवं एक्स एमएलए फोरम के कन्वीनर श्री गिरिराज किशोर ‘राजू’ पोद्दार ने दी।








