जबलपुर–अमृतसर वाया कटनी मुड़वारा नियमित एक्सप्रेस ट्रेन की मांग ने पकड़ा जोर, 6 महीने पहले संसद को सौंपा ज्ञापन, आज भी मांग अधूरी
कटनी। जबलपुर–अमृतसर वाया कटनी मुड़वारा नियमित एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती जा रही है। इस संबंध में सांसद वी. डी. शर्मा को विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा ज्ञापन सौंपे हुए लगभग छह माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से यात्रियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के जिला अध्यक्ष गोविंद सचदेवा ने बताया कि प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु एवं यात्री अमृतसर की यात्रा करते हैं, लेकिन सीधी ट्रेन सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें कई ट्रेनों में सफर बदलना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि होती है। उन्होंने कहा कि राधा स्वामी सत्संग ब्यास के अनुयायी, माता वैष्णो देवी, श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) अमृतसर तथा अटारी बॉर्डर जाने वाले हजारों यात्री प्रतिदिन परेशानियों का सामना कर रहे हैं। पूर्व में इस मार्ग पर सीधी रेल सेवा उपलब्ध थी, जिसे बंद किए जाने के बाद यात्रियों की कठिनाइयां लगातार बढ़ी हैं।
गोविंद सचदेवा ने बताया कि इस मांग के समर्थन में राधा स्वामी सत्संग ब्यास, गुरु सिंह सभा, रेल यात्री अधिकार मंच, यात्री सेवा संघ एवं सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया सहित विभिन्न संगठनों ने सांसद श्री वी. डी. शर्मा के माध्यम से रेल मंत्रालय के समक्ष मांग रखी है। इसके बावजूद अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जबलपुर–अमृतसर वाया कटनी मुड़वारा नियमित एक्सप्रेस ट्रेन प्रारंभ नहीं की गई तो हजारों यात्रियों का बढ़ता आक्रोश आगामी समय में जनआंदोलन का रूप ले सकता है। सभी संगठनों ने रेल मंत्रालय से मांग की है कि यात्रियों की सुविधा, धार्मिक पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए जबलपुर–अमृतसर नियमित सीधी ट्रेन सेवा को शीघ्र प्रारंभ किया जाए।