मुंबई-बनारस एक्सप्रेस के जनरल कोच में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, कटनी स्टेशन पर मचा हड़कंप

कटनी। कटनी रेलवे जंक्शन पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मुंबई से बनारस जा रही एलटीटी-बनारस एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12167) के एक जनरल कोच में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार ट्रेन के कटनी स्टेशन पहुंचने पर जनरल कोच में एक यात्री अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर डिप्टी एसएस कमर्शियल मुकेश मिश्रा तत्काल मौके पर पहुंचे और रेलवे डॉक्टर, जीआरपी तथा आरपीएफ को सूचना दी। मेडिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें व्यक्ति को मृत घोषित किया गया।
इसके बाद रेलवे स्टाफ और सफाई कर्मचारियों की मदद से शव को कोच से नीचे उतारा गया। प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *