गणेश उत्सव पर स्वच्छता को लेकर निगम का रात्रिकालीन विशेष अभियान, मुख्य मार्गों में दौड़ी स्वीपिंग मशीन

कटनी। गणेश उत्सव पर्व के दौरान नगरवासियों एवं बाहर से आए श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य शाखा द्वारा मंगलवार की रात्रि नगर के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत आधुनिक स्वीपिंग मशीन के माध्यम से नगर के मुख्य मार्गों में सफाई करवाई गई। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार स्वीपिंग मशीन द्वारा सागर पुलिया से माधवनगर गेट तक डिवाइडर एवं सड़क के दोनों ओर व्यापक सफाई कार्य किया गया। वहीं स्वच्छता मित्रों की टीम द्वारा बस स्टैंड, मुख्य रेलवे स्टेशन पहुँच मार्ग, सुभाष चौक, झंडा बाजार, गोल बाजार, कपड़ा बाजार, मिशन चौक से गांधी द्वार सहित अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में रात्रि में विशेष सफाई कर कचरे का उठाव किया गया। निगम प्रशासन ने बताया कि त्योहार के दौरान बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रात्रिकालीन सफाई का यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि प्रातः नगरवासियों को साफ-स्वच्छ बाजार एवं मार्ग उपलब्ध हो सकें।