जलजमाव की समस्या से निपटने निगम का बाढ़ नियंत्रण कक्ष निरंतर सक्रिय, अब तक प्राप्त 18 शिकायतों का किया गया त्वरित निराकरण

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा वर्षा ऋतु के दौरान नागरिकों को जलजमाव एवं वर्षा जनित समस्याओं से त्वरित राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम कार्यालय में स्थापित बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम के माध्यम से शहर के विभिन्न स्थलों से प्राप्त 18 शिकायतों का त्वरित निराकरण कराया गया है। निगम प्रशासन के निर्देशानुसार 24 घंटे संचालित इस कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपनी अपनी शिफ्ट में उपस्थित होकर प्राप्त होने वाली शिकायतों को तत्काल संबंधित वार्ड की टीम को प्रेषित कर शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित कराया जा रहा है। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित क्षेत्र के स्वास्थ्य अमले, बाढ़ नियंत्रण दल एवं आवश्यक मशीनरी को तत्काल मौके पर रवाना किया जा रहा है, त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप शिकायतों का शीघ्र निराकरण कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
कंट्रोल रूम प्रभारी सागर नायक ने बताया कि कंट्रोल रूम के फोन नंबर 076220-231772 पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जलभराव एवं जल निकासी संबंधी शिकायतों का निराकरण तीव्रता से कराया जा रहा है। नागरिकों की सुविधा के मद्देनजर यह कंट्रोल रूम शासकीय अवकाश शनिवार एवं रविवार के दिन भी अनवरत रूप से संचालित किया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा मानसून के दौरान संभावित जलभराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कंट्रोल रूम, त्वरित कार्यबल, पंपिंग मशीनें तथा स्वास्थ्य अमला चौबीसों घंटे सतर्क रखा गया है। साथ ही शहर के प्रमुख नालों एवं नालियों की नियमित सफाई और सतत मॉनिटरिंग भी की जा रही है, जिससे वर्षा जल की निकासी सुचारु बनी रहे। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा के दौरान यदि कहीं जलभराव, नालियों में अवरोध अथवा अन्य संबंधित समस्या दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम को दें। नगर निगम प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *