चार एग्स एंड चिकन सेंटरों पर निगम ने की कार्रवाई, दुकानों के बाहर रखी अनधिकृत सामग्री हटाई, दुकानदारों को निर्धारित सीमा में व्यवसाय करने की दी समझाइश

कटनी। नगर की स्वच्छता व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिक निगम कटनी की स्वास्थ्य शाखा एवं अतिक्रमण शाखा के अमले द्वारा सोमवार प्रातः मिशन चौक क्षेत्र स्थित चार एग्स एंड चिकन सेंटरों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान गोल्डन चिकन सेंटर, कटनी चिकन सेंटर,इंडियन चिकन सेंटर एवं मॉडर्न चिकन सेंटर के संचालकों द्वारा दुकानों की निर्धारित सीमा के बाहर जाल आदि लगाकर मुर्गा-मुर्गी रखने एवं व्यावसायिक सामग्री पाए जाने पर दुकानदारों को समझाइश दी गई कि दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही सामग्री रखकर व्यवसाय संचालित करें। साथ ही दुकानों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने एवं निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यवाही के दौरान निगम अमले द्वारा दुकानों के बाहर अनधिकृत रूप से रखी गई सामग्री को तत्काल स्थल से हटाया गया।
शिकायतों के आधार पर की गई कार्रवाई
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि मिशन चौक क्षेत्र में एग्स सेंटरों के बाहर मुर्गा-मुर्गी रखने तथा स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने के कारण मार्ग से गुजरने वाले नागरिकों को दुर्गंध का सामना करना पड़ने संबंधी शिकायतें समाचार पत्रों एवं आम नागरिकों के माध्यम से प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन द्वारा स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन का उद्देश्य किसी के व्यवसाय को प्रभावित करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक मार्गों एवं दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, नागरिकों को असुविधा से बचाने तथा व्यवसायियों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। संबंधित दुकानदारों को भविष्य में दुकान के बाहर अनधिकृत रूप से सामग्री न रखने तथा स्वच्छता व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की समझाइश दी गई। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित स्वास्थ्य शाखा एवं अतिक्रमण शाखा का अमला उपस्थित रहा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *