अमकुही फिल्टर प्लांट में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
कटनी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम कटनी के अमकुही स्थित जल शोधन संयंत्र (फिल्टर प्लांट) में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने राष्ट्रध्वज फहराकर उसे सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 का दिन देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जब असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के बाद भारत को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें वीर शहीदों के योगदान को स्मरण करने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की प्रेरणा देता है। आज भारत विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह देश की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने में अपना योगदान दे।
श्री पाठक ने नागरिकों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा कटनी को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक निर्वहन करने से ही आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण संभव होगा। कार्यक्रम के अंत में निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने नगर पालिक निगम कटनी के सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं शहरवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की निरंतर उन्नति और समृद्धि की कामना की।