कटनी के भविष्य की पेयजल व्यवस्था और पीएम आवास योजना पर निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने रखे अहम सुझाव, कलेक्ट्रेट में हुई बैठक

कटनी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने शहर के विकास और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए। बैठक की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह तथा खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने की।
बैठक में निगमाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले नगर निगम की टैक्स रसीद के आधार पर भी लोगों को योजना का लाभ मिलता था, लेकिन अब केवल रजिस्ट्री और भूमि पट्टे के आधार पर पात्रता तय की जा रही है। उन्होंने मांग की कि जिन पात्र परिवारों को अब तक भूमि पट्टे नहीं मिले हैं, उन्हें शीघ्र पट्टे उपलब्ध कराए जाएं ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे।
इसके साथ ही उन्होंने कटनी की दीर्घकालीन पेयजल व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिया। मनीष पाठक ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अभी से स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने बरगी डैम से आने वाली नहर का पानी नियमित रूप से कटनी नदी में छोड़े जाने की स्थायी व्यवस्था बनाने का आग्रह किया, जिससे वर्षभर नदी में पर्याप्त जल उपलब्ध रहे और शहरवासियों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल मिल सके।
निगमाध्यक्ष ने कहा कि शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को शासन के समक्ष रखना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और कटनी के सुनियोजित विकास के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा के साथ विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। इस दौरान विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, कलेक्टर अशोक विश्वकर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *