जनसमस्याओं के बीच पहुंचे निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, रामनिवास सिंह वार्ड में सड़क, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था का लिया जायजा

कटनी। निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने रामनिवास सिंह वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निराकरण एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने लक्ष्मी पान भंडार से जय हिंद चौक तक किए गए सीवर कार्य के उपरांत सड़क का अवलोकन किया।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में बारिश के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में हो रही असुविधा को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सीवर प्रोजेक्ट के प्रतिनिधि हार्दिक पटेल को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर सीवर कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां तत्काल जी एस पी कार्य कर सड़क को व्यवस्थित किया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही शेष कार्य भी शीघ्रता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने क्षेत्रीय नागरिकों से साफ-सफाई, स्वच्छता एवं पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। नागरिकों द्वारा बताई गई समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उन्होंने स्थल पर क्षेत्रीय दरोगा संगीत शर्मा को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी जाए।
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने रामनिवास सिंह वार्ड स्थित शमशान भूमि का भी निरीक्षण किया। बारिश के मौसम में पानी भर जाने के कारण अंत्येष्टि क्रिया में स्थानीय नागरिकों को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है जिस पर श्री पाठक ने क्षेत्रीय उपयंत्री हिमांशु गौतम से परिसर में पेवर ब्लॉक लगाए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शमशान जैसे संवेदनशील स्थानों पर बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष ने लक्ष्मी पान भंडार से जय हिंद चौक तक सड़क मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे रात्रि के समय नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। इस दौरान निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि हमारी प्राथमिकता केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक तक उसकी आवश्यकता के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं समय पर पहुंचाना भी है।
बारिश के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है। अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।जनसमस्याओं का त्वरित समाधान ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान जिला योजना समिति के सदस्य एवं पार्षद शशिकांत तिवारी, उपयंत्री हिमांशु गौतम, सीवर प्रोजेक्ट के हार्दिक पटेल, पार्थ पटेल, पीडीएमसी से विशाल सैनी, अमृत योजना के नवील पटेल सहित संजय गुप्ता की उपस्थित रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *