रविवार अवकाश में भी खुला निगम कार्यालय, जलकर जमा कर नागरिक उठा रहे 50 प्रतिशत छूट का लाभ

कटनी। जलकर राहत योजना के तहत बकाया जलकर राशि जमा करने वाले उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत की विशेष छूट का लाभ देने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा शासकीय अवकाश के दिनों में भी उपभोक्ताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी क्रम में रविवार के अवकाश दिवस पर भी नगर निगम कार्यालय एवं निर्धारित काउंटर खुले रखे गए हैं, जहां नागरिक पहुंचकर अपने बकाया जलकर का भुगतान कर योजना का लाभ ले रहे हैं। नगर निगम प्रशासन की इस पहल से उन उपभोक्ताओं को विशेष सुविधा मिल रही है, जो कार्यदिवसों में अपने आवश्यक कार्यों के कारण जलकर जमा नहीं कर पाते। अवकाश के दिन खुले काउंटर पर पहुंचकर नागरिक अपने बकाया जलकर का निपटारा कर रहे हैं और नियमानुसार 50 प्रतिशत छूट का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त निगम की गठित टीम द्वारा भी उपभोक्ताओं से डोर टू डोर संपर्क कर छूट का लाभ प्रदान कर 50 प्रतिशत जलकर की राशि जमा करने की सुविधा प्रदान की जा रही है।
शनिवार को 82 उपभोक्ताओं ने उठाया लाभ
जलकर राहत योजना को लेकर नागरिकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार को अवकाश के बावजूद निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधा का लाभ उठाते हुए 82 उपभोक्ताओं ने बकाया जलकर जमा किया और 50 प्रतिशत की छूट प्राप्त की। निगम प्रशासन द्वारा योजना की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने के साथ ही भुगतान प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है। नगर निगम प्रशासन ने पात्र जलकर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे योजना की निर्धारित अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 से पहले अपने बकाया जलकर का 50 प्रतिशत भुगतान कर शेष 50 प्रतिशत राशि पर मिलने वाली छूट का लाभ उठाएं। यह बकाया जलकर की देनदारी समाप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *