राजस्व वसूली में लापरवाही पर निगम सख्त, चार आउटसोर्स कर्मचारी को चेतावनी-पत्र जारी, सुधार नहीं होने पर सेवा से पृथक करने की होगी कार्रवाई

कटनी। नगर निगम की राजस्व वसूली व्यवस्था में लापरवाही और निर्धारित दायित्वों के प्रति उदासीनता बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध निगम प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कार्य की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर चार आउटसोर्स कर्मचारियों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है ।
इन्हें जारी हुआ चेतावनी पत्र
राजस्व वसूली कार्य में लापरवाही बरतने पर जिन आउटसोर्स कर्मियों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है उनमें वार्ड क्रमांक 02 के संजय गौतम, वार्ड क्रमांक 03 के वसूलीकर्ता सचिन मिश्रा, वार्ड क्रमांक 08 के वसूलीकर्ता प्रभुदत्त मिश्रा, तथा वार्ड क्रमांक 09 में कार्यरत मनीष मिश्रा का नाम शामिल हैं।
बरती कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही
जारी चेतावनी-पत्र के अनुसार विगत 17 नवंबर को आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कर्मचारी द्वारा बिल वितरण, डेली डायरी, वार्डवार जानकारी, भवन संख्या, चार्ज एवं बकायादारों की सूची सहित निर्धारित कार्यों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। साथ ही साप्ताहिक वसूली की समीक्षा में भी प्रगति अत्यंत निराशाजनक पाई गई। कर्मचारी द्वारा अब तक वसूली के लिए पीओएस मशीन भी प्राप्त नहीं की गई तथा पूरे सप्ताह में मात्र एक-दो रसीदें जारी किया जाना कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
एक सप्ताह में वसूली कार्य में लाना होगा सुधार
राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने चेतावनी देते हुए निर्देशित किया है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। अन्यथा कार्यप्रणाली में सुधार एवं वसूली लक्ष्य की पूर्ति नहीं होने की स्थिति में संबंधित कर्मचारी को सेवा से पृथक किए जाने की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। निगम प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि राजस्व वसूली जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा जिम्मेदारियों के निर्वहन में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।