एनओसी के बदले रिश्वत लेने के आरोप में निगमकर्मी निलंबित, निगमायुक्त तपस्या परिहार ने सहायक ग्रेड-2 आलोक गर्ग पर की कार्रवाई, लोकायुक्त टीम ने किया था ट्रैप

कटनी। नगर निगम कटनी में एनओसी जारी करने के एवज में रिश्वत लेने के मामले में निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने निगम की संपदा शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 आलोक गर्ग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। लोकायुक्त टीम जबलपुर द्वारा रिश्वत लेने के मामले में ट्रैप किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को विभिन्न समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से निगमकर्मी आलोक गर्ग के लोकायुक्त टीम द्वारा ट्रैप किए जाने की जानकारी निगम प्रशासन के संज्ञान में आई थी। इस संबंध में विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर संभाग के उप पुलिस अधीक्षक द्वारा भेजे गए पत्र में श्री गर्ग के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई किए जाने का उल्लेख किया गया था।
आचरण नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
निगम प्रशासन द्वारा जारी निलंबन आदेश में उल्लेख किया गया है कि संबंधित कर्मचारी का कथित कृत्य शासकीय सेवक के आचरण के प्रतिकूल है और इससे नगर निगम की छवि प्रभावित हुई है। इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 (1) एवं 3 (2) का उल्लंघन मानते हुए कदाचरण की श्रेणी में रखा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगमायुक्त ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 (1) के तहत आलोक गर्ग को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
निलंबन अवधि में जोन कार्यालय रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान आलोक गर्ग का मुख्यालय निगम के विवेकानंद सभागार, जोन कार्यालय क्रमांक-1 निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। वहीं, आलोक गर्ग के निलंबन के बाद ट्रांसपोर्ट नगर योजना से संबंधित समस्त लिपिकीय कार्यों की जिम्मेदारी सहायक राजस्व निरीक्षक धनंजय सिंह भदौरिया को सौंपी गई है। वे अपने वर्तमान दायित्वों के साथ इन कार्यों का भी निर्वहन करेंगे। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगी। नगर निगम प्रशासन ने इस कार्रवाई के माध्यम से शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट की है।