निगम आयुक्त ने समय-सीमा की बैठक में की विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा
 
कटनी। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने सोमवार को आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में विभागवार कार्यों, शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति, जनहित से जुड़े मुद्दों एवं पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में निगमायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन की विभिन्न शाखाओं की लंबित एवं 50 एवं 100 दिवस की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महापौर जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक के दौरान उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित सहायक यंत्री उपयंत्री, लेखापाल, कार्यालय अधीक्षक, विधि प्रभारी, योजना प्रभारी एवं अन्य विभागीय अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के लिपिकों की मौजूदगी रही। 
नामांतरण प्रकरणों करें ऑनलाईन
निगम की राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देशित किया कि बेहतर राजस्व वसूली हेतु अभी से ही बड़े बकायेदारों से संपर्क करने, दुकान किराया राशि समय पर निगम कोष में जमा कराने हेतु सार्थक प्रयास प्रारंभ किए जाए। नामांतरण के प्रकरणों को ऑनलाइन करने के साथ ही वसूली कार्य में संलग्न वार्ड प्रभारियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन का भी समय समय पर मूल्यांकन करने के निर्देश निगमायुक्त ने दिए।
रेस्टोरेशन प्रगति के रोजाना प्रस्तुत करें फोटोग्राफ्स
अमृत योजना के तहत नगर में चल रहे पाइपलाइन विस्तार एवं सीवर के कार्यो की प्रगति की समीक्षा के दौरान उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव ने जानकारी दी की अमृत-1 के तहत सागर पुलिया का रेस्टोरेशन कार्य 3 दिन में पूर्ण कर लिया जायेगा। जिस पर निगमायुक्त ने नगर के अन्य स्थानों पर चल रहे कार्यों के रेस्टोरेशन कार्य में गति लाने तथा रोजाना की प्रगति की फोटोग्राफी प्रस्तुत करने के निर्देश  दिए। निगमायुक्त नें नाले नालियों एवं खतरनाक स्थलों का निरीक्षण कर वर्षा पूर्व ढकवानें की कार्यवाही करनें तथा सड़कों के गढडों का पेंचवर्क वर्षा पूर्व करानें, जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग के शेष कार्य में आ रही समस्याओं का निराकरण कराने के साथ ही ऐसे प्रकरण जिनमें जिनमें निविदा एवं दर स्वीकृति की कार्यवाही हो चुकी है किन्तु अभी तक प्रारंभ नही किये गए है उनपर प्राथमिकता से कार्यवाही करने हेतु लोक निर्माण शाखा के अधिकारियों को निर्देशित किया। 
फायर सेफ्टी, जर्जर भवनों एवं अवैध मैरिज गार्डन की समीक्षा
निगमायुक्त ने होटल, स्कूल, कोचिंग संस्थान सहित नियमानुसार अन्य संस्थानों में फायर सेफ्टी के प्रावधानों की जांच प्रक्रिया में प्रगति लाने, नगर में संचालित अन्य अवैध मैरिज गार्डन को सील करने, अनुज्ञा विपरीत निर्माण कार्यों की जांच कर कंपाउंडिंग की कार्यवाही प्रस्तावित करने, जन सुरक्षा के मद्देनजर जर्जर भवनों के प्रकरणों पर कार्यवाही करने तथा न्यायालयीन एवं आयोग के पत्रों, सीएम मॉनिट, सीएम हाउस एवं लोकायुक्त के प्रकरणों पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।आई.एच.एच.डी.पी भवनों की जांच पर जताई नाराजगी
पात्र हितग्राहियों को आई.एच.एच.डी.पी भवनों के आवंटन हेतु अनाधिकृत रूप से निवासरत लोगों की जांच की समीक्षा के दौरान कार्यवाही की गति धीमी होने पर नाराजगी व्यक्त की जाकर कार्य में गति लाने अन्यथा की दिशा में संबंधित अधिकारी कर्मचारी पर कार्यवाही करने की हिदायत निगमायुक्त ने दी।
जलापूर्ति व्यवस्था रखें सुचारू
निगमायुक्त ने बैराज में जल की उपलब्धता सहित नगर के विभिन्न माध्यमों से होने वाली पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए नागरिकों को सुचारू आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अवैध नल कनेक्शन पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की।
शेष नालों की सफाई करें शीघ्र करें पूर्ण
आगामी वर्षा ऋतु के पूर्व नगर के विभिन्न नाले एवं नालियों की सफाई कार्य की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी नें बताया कि बस स्टैंड, मंदिर से पुरानी सब्जी मंडी तक, कटाएघाट रोड़, मिशन चौक, राष्ट्रीय स्कूल दुर्गा चौक रपटा, शनिमंदिर सहित अन्य स्थलों की नालों का सफाई का कार्य पूर्ण करा दिया गया है। इसके अलावा कुठला थाना से डॉ नेमा जी घर तक तक सर्कस मैदान एवं कुछ अन्य स्थलों का कार्य प्रगतिरत है। जिसपर निगमायुक्त ने आगामी तीन दिवस में समस्त बड़े एवं छोटे नालों की सफाई का कार्य करानें तथा जल निकासी व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करनें के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने लोक निर्माण शाखा के अधिकारियों को नालों का निरीक्षण करें तथा उनको कवर किये जाने की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। 
मुख्य प्रोजेक्ट हेतु टाइम लाइन करें निर्धारित
निगमायुक्त श्रीमती परिहार नें निगम प्रशासन के माध्यम से संचालित किये जाने वाले शासन के विभिन्न बड़े प्रोजेक्टों को समय-सीमा से प्रारंभ कर पूर्ण करने हेतु मुख्य प्रोजेक्टों की टाईमलाईन निर्धारित करनें के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित प्रोजेक्टों पर प्रत्येक स्टेप की कार्यवाही, डीपीआर, स्वीकृति की तिथि सहित प्रस्तुत करनें तथा स्वीकृति अवधि उपरांत निविदा, निविदा समिति की बैठक आदि की विस्तृत जानकारी का उल्लेख करनें के निर्देश दिए।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *