वर्षा ऋतु में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने निगम प्रशासन की पहल, विद्यालयों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, मरम्मत कार्यों की तैयार की कार्ययोजना
कटनी। नगर निगम सीमा क्षेत्र में संचालित शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशन में निगम अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर भवनों की स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की।
वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए विद्यालयों में छतों से होने वाले संभावित रिसाव, भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय सुविधाओं सहित अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राप्त कमियों को चिन्हित कर उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों के अध्ययन-अध्यापन कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। निगम के सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, उपयंत्री मोना करेरा एवं उनकी टीम द्वारा संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों की उपस्थिति में विद्यालय भवनों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन से चर्चा कर आवश्यक सुधार कार्यों की सूची तैयार की तथा प्राथमिकता के आधार पर कार्य संपादित कराने की दिशा में आवश्यक पहल प्रारंभ की।
इन विद्यालयों का किया निरीक्षण
संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला कैरेन लाइन, शासकीय प्राथमिक विद्यालय रॉबर्ट लाइन, शासकीय माध्यमिक शाला खैबर लाइन, शासकीय प्राथमिक शाला पड़रवारा, टिकरिया, मंगल नगर, छपरवाह, बिलगवां, अमकुही, कुठला, आधारकाप, नदीपार, पहरुआ तथा एन.के.जे. सहित अन्य शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भवनों की संरचनात्मक स्थिति, कक्षाओं की व्यवस्था एवं विद्यार्थियों के उपयोग की सुविधाओं का परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्यों को सूचीबद्ध किया गया। निगम प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में चिन्हित आवश्यक कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराकर बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे नगर के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।








